कमल नदी तट स्थित खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को अंडर-19, अंडर-17 और अंडर-14 वर्ग में कई रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से मैदान में उत्साह बना रहा। अंडर-19 वर्ग में उत्तरकाशी ने चमोली को हराया। हरिद्वार ने चंपावत को और देहरादून ने बागेश्वर को व ऊधम सिंह नगर ने नैनीताल को पराजित किया।
अंडर-17 वर्ग में हरिद्वार ने पिथौरागढ़ को 42-20 और देहरादून ने उत्तरकाशी को 35-18 से हराया। पौड़ी ने ऊधम सिंह नगर को 26-20, अल्मोड़ा ने टिहरी को 28-27 से मात दी, जबकि हरिद्वार ने बागेश्वर को 36-07 से शिकस्त दी। अंडर-14 वर्ग में पौड़ी ने टिहरी को 26-17, नैनीताल ने हरिद्वार को 25-19, उत्तरकाशी ने रुद्रप्रयाग को 28-18 व ऊधम सिंह नगर ने अल्मोड़ा को 21-12 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका परिषद पुरोला के अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभा निखारने के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए दिन के भोजन की व्यवस्था कराने की घोषणा भी की। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश चौहान, खंड शिक्षा अधिकारी पूजा नेगी, प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य सीएस चौहान आदि मौजूद रहे।