गंगोत्री धाम से गोमुख तक बढ़ती आवाजाही के बीच पुलिस ने दुर्गम ट्रैक पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने निरीक्षण के दौरान हर यात्री की जानकारी दर्ज करने और आपात स्थिति में तत्काल रेस्पॉन्स के निर्देश दिए।
गंगोत्री धाम और गोमुख ट्रैक पर बढ़ती आवाजाही के बीच पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को और मजबूत करने पर जोर दिया है। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने गंगोत्री से गोमुख तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए दुर्गम ट्रैक पर आने-जाने वाले प्रत्येक यात्री का पूरा विवरण दर्ज करने और त्वरित रेस्पॉन्स व्यवस्था के निर्देश दिए।
विज्ञापन
गोमुख ट्रैक स्थित भोजवासा पुलिस चौकी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसीयात्री के लापता होने, दुर्घटना, संदिग्ध गतिविधि या अन्य आपात स्थिति में सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्गम और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में तैनात जवानों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
जवानों की समस्याएं जानने के साथ उनका मनोबल बढ़ाया और हर परिस्थिति में अलर्ट रहने को कहा। गंगोत्री धाम में भीड़ और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी बढ़ाने तथा भीड़ बढ़ने पर यातायात डायवर्जन की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए। एडीजी ने नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया। इस दौरान सीओ उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर भी मौजूद रहे।