केवि स्थापना सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलित हैं ग्रामीण
उत्तरकाशी। भटवाड़ी में विकास संघर्ष समिति के बैनर तले केवि स्थापना सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर ग्रामीणों का धरना सोमवार को 12वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण और क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने आंदोलन को समर्थन दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी लंबे समय से लंबित मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन को ओर तेज करने की चेतवानी दी।
भटवाड़ी में चल रहा धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, उत्तरकाशी से गंगोत्री तक ऑल वेदर रोड के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करना तथा तहसील स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों का भटवाड़ी में नियमित संचालन, अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग कर रहे है।
वहीं, इन मांगों के पूरा न होने से क्षेत्र के लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। इस दौरान धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने ग्रामीणों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि ये मांगें केवल मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं बल्कि सीमांत क्षेत्र के समग्र विकास और भविष्य से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का संतुलित एवं समग्र विकास राज्य व केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन महत्वपूर्ण मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी। इससे भटवाड़ी सहित संपूर्ण सीमांत क्षेत्र के विकास को नई दिशा, नई गति एवं नई ऊर्जा प्राप्त होगी। इस मौके पर खुशहाल नेगी, जयवीर चौहान, विवेक नौटियाल, यजवेंद्र रावत, ज्योति राणा, आशिता नौटियाल, मनोजेंद्र रावत, संदीप रावत, सीमा रावत, राजकेंद्र थनवान, विपिन राणा आदि मौजूद रहे।