नई टिहरी के कैंपटी में खाद्यान्न दुकान का निरीक्षण करती खाद्य सुरक्षा अधिकारी।
- फोटो : NEW TEHRI
दीपावली त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों, मिठाई और दूध में मिलावट की संभावनाओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने कैंपटी और नैनबाग बाजार में चेकिंग अभियान चलाया। 32 दुकानों में छापेमार कर दूध, मिठाई और खाद्य तेल के पांच सैंपल भरकर जांच के लिए रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजा गया। ग्रामीण क्षेत्रों से दूध एकत्रित कर बिक्री के लिए बाजार ला रहे 10 वाहनों की चेकिंग की गई। दूध मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर सात कारोबारियों को नोटिस देकर सात दिन में अपना पक्ष रखने को कहा है। अभिहित अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि कैंपटी की एक दुकान में एक्सपायरी डेट के 50 पैकेट हल्दी और 50 पैकेट जीरा मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है।
जिले में मिलावटी मिठाइयों का कारोबार जोरों पर
जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग में अधिकारी-कर्मचारियों के सभी पद हैं खाली
अमर उजाला ब्यूरो
उत्तरकाशी। जिले का खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारी एवं कर्मचारी विहीन होने से मिलावटी और निम्न गुणवत्ता के खाद्य पदार्थों का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों के बाद अब कम समय में खराब होने वाली खुली मिठाइयों की आपूर्ति भी मैदानी शहरों से हो रही है। इनकी गुणवत्ता की जांच और नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं होने से त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत पर संकट मंडरा रहा है।
उपभोक्ताओं को बाजार में ताजा एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री मिले यह तय करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा विभाग गठित है। अब स्वास्थ्य विभाग से अलग इसका पुनर्गठन किया जा चुका है। हैरानी की बात है कि यह महत्वपूर्ण विभाग बीते पांच सालों से लावारिस है। चमोली जनपद के अभिहित अधिकारी को ही उत्तरकाशी जिले का चार्ज सौंपा गया है। खाद्य पदार्थों के सैंपल भरने और जांच के लिए जिले में एक भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी तैनात नहीं है। चारधाम यात्रा एवं त्योहारी सीजन के दौरान यहां जरूर दूसरे जनपद से व्यवस्था पर एक खाद्य सुरक्षा अधिकारी भेजा जाता है। नियंत्रण के अभाव में मिलावटी एवं घटिया गुणवत्ता की खाद्य सामग्री का कारोबार यहां खूब फलफूल रहा है। इसके अलावा जनपद में मिलावटी मसालों का धंधा भी जोरों पर है। खाद्य सुरक्षा विभाग में जिले में कोई अधिकारी-कर्मचारी तैनात नहीं होने से इस गोरखधंधे में शामिल लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
उपभोक्ता भी करा सकते खाद्य सामग्री की जांच
सीजनल ड्यूटी पर उत्तरकाशी में तैनात टिहरी के खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी ने स्वीकारा कि उत्तरकाशी में विभाग के सभी पद रिक्त चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में यहां बारी-बारी से अलग-अलग जनपदों से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धारा 40 के तहत उपभोक्ताओं को भी खरीदी गई खाद्य सामग्री के सैंपलों की जांच कराने का अधिकार है। एफएसएसएआई द्वारा अधिकृत लैब से जांच नकारात्मक आने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है।