रेडक्रॉस भवन के पास स्थित लोनिवि कालोनी में महिला जेई के घर में रविवार रात करीब ढाई बजे अचानक आग लग गई। आग में सारा सामान जलकर राख हो गया। परिवार के छह लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
लोक निर्माण विभाग में सहायक अभियंता पद पर कार्यरत उमा राणा ने बताया कि उनकी नींद खुली तो कमरे में धुआं भरा हुआ था। आग की लपटें दिखाई देने पर उन्होंने आनन-फानन में परिवार के बाकी सदस्यों को जगाया। सभी ने घर से भागकर जान बचाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने तत्काल घटना की सूचना आपदा प्रबंधन विभाग और पुलिस को दी लेकिन 50 मीटर दूर खड़ी फायर ब्रिगेड के आगे एंबुलेंस खड़ी होने के कारण फायर ब्रिगेड को निकलने में समय लग गया। एंबुलेंस के हटने पर जब फायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक सारा सामान जल चुका था। वहीं घटना की सूचना पर डीएम मयूर दीक्षित ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात कही जा रही है।