डुंडा चौकी पुलिस ने क्षेत्र से पांच दिन से लापता नाबालिग को बड़ेथी चुंगी के पास से एक युवक के साथ बरामद किया। बालिका को भगा ले जाने वाले युवक को जेल भेज दिया गया है।
क्षेत्र से एक नाबालिग दो जुलाई को लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चलने पर परिजनों ने पांच जुलाई को डुंडा पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई।
डुंडा चौकी इंचार्ज एसआई संतोष कुंवर के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह नौ बजे लापता लड़की को बड़ेथी चुंगी के पास कुराह निवासी लोकेंद्र कुमार के साथ बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि लोकेंद्र लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले गया था।
चौकी इंचार्ज कुंवर ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में नई टिहरी जेल भेज दिया गया, जबकि पीड़िता का मेडिकल कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।