उत्तरकाशी। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने मनरेगा की बैठक ली। उन्होंने मनरेगा के तहत कुल व्यय का 60 प्रतिशत जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित कार्यों पर केंद्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष 40 प्रतिशत राशि अन्य निर्माणात्मक एवं विकासात्मक कार्यों में व्यय करने के लिए ठोस कार्य योजना बनाने को कहा।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर जॉब कार्डधारकों की संख्या के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। कार्यों की योजना बनाते समय आवश्यकताओं और संसाधनों का ध्यान रखा जाए। डीएम ने मनरेगा के तहत वनीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन एवं आजीविका संवर्द्धन की दृष्टि से इको-फ्रेंडली गतिविधियों को अधिकाधिक प्रोत्साहित किया जाए।
इस मौके पर बैठक में सीडीओ एसएल सेमवाल, परियोजना निदेशक अजय कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चेतना अरोड़ा, खंड विकास अधिकारी जोशी आदि मौजूद रहे। संवाद