कई वाटर कूलरों में पानी ही नहीं, शौचालयों में बिखरी है गंदगी
उत्तरकाशी। जिला अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को इलाज के साथ गंदगी, खराब शौचालय, बंद पड़े वाटर कूलर और अस्पताल परिसर में घूमते लावारिस कुत्तों जैसी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के अंदर फर्श पर गंदगी चिपकी है जबकि शौचालयों की स्थिति भी खराब है। शौचालयों के बाहर गंदगी बिखरी मिली तो बाथरूम की पानी की टंकियों के आसपास भी कूड़ा फैला था। वहीं मरीजों और तीमारदारों के लिए लगाए गए कई वाटर कूलर पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण शोपीस बने हैं।
जिला अस्पताल परिसर में लगे कई वाटर कूलरों में पानी ही नहीं था तो कई में पानी नहीं आ रहा था। महिला अस्पताल के दूसरे तल पर लगा वाटर कूलर भी पानी नहीं दे रहा था। महिला अस्पताल में भी साफ-सफाई व्यवस्था कमजोर नजर आई। परिसर के कई हिस्सों में गंदगी दिखाई दी। लावारिस कुत्तों ने परिसर में जगह-जगह गंदगी फैला रखी थी और उनकी पहुंच दूसरी मंजिल तक भी दिखाई दी।
अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के बैठने के लिए रखी गई कुछ कुर्सियां भी टूटी पड़ी है। हालांकि अस्पताल परिसर में कुछ स्थानों पर पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त भी मिली लेकिन कुल मिलाकर जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं दिखाई दी।