गंदे पानी और गड्ढों से लोगों की बढ़ी परेशानी
नौगांव (उत्तरकाशी)। नगर क्षेत्र में यमुनोत्री हाईवे की बदहाल स्थिति लोगों के लिए रोजाना परेशानी का कारण बन गई है। घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है जबकि जगह-जगह बने गहरे गड्ढे हल्की बारिश में ही तालाब बन रहे हैं। इससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है बल्कि स्कूली बच्चों, पैदल यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सौली कस्बे से मुख्य बाजार तक सड़क किनारे बनी नालियां कई स्थानों पर बंद पड़ी है। इससे घरों का गंदा पानी सीधे हाईवे पर बह रहा है। गड्ढों में जमा पानी से दुर्गंध फैल रही है और संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क की बदहाली से ग्राहक प्रभावित हो रहे हैं जबकि गुजरते वाहनों के छींटों से लोगों के कपड़े खराब होना आम बात बन गई है।
प्रीति, सोया, मोनिका, राहुल, विमलेश और नरेश सहित कई विद्यार्थियों का कहना है कि पैदल स्कूल पहुंचना जोखिम भरा हो गया है। वहीं पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा न लग पाने से दुपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत और राजमार्ग निर्माण खंड पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर नालियों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था और हाईवे की मरम्मत कराने की मांग की है।