अमर उजाला के उत्तराखंड उदय महोत्सव के प्रति सुदूरवर्ती गांवों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। मंगलवार को दूरस्थ सिल्ला गांव के बेसिक स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें बच्चों ने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखंड की नैसर्गिक सुंदरता का बखान किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों की ओर से तैयार कलाकृतियों में आपदा की छाया स्पष्ट नजर आई। कई बच्चों ने पहाड़ की खूबसूरती को भी कैनवास पर उकेरा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रंजीता बिष्ट पहले, सोनम दूसरे तथा कंचन तीसरे स्थान पर रहीं। इस मौके पर चौथी कक्षा की छात्रा नेहा ने 'धरती हमरा गढ़वाल की, यख त रौंतेली घाटी छ' गीत के माध्यम से पहाड़ की नैसर्गिक सुंदरता का बखान किया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए ग्राम प्रधान सूरत सिंह रावत, आयुर्वेदिक अस्पताल के डा. दुर्गेश नौटियाल एवं समदर्शी उनियाल ने अमर उजाला की इस पहल की सराहना की। उन्होंने बच्चों के साथ उत्तराखंड आंदोलन की यादें साझा करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर प्रधानाचार्य अमित चंद रमोला, ललिता पंवार, विनोद रावत, विकास और विजय रावत आदि लोग मौजूद रहे।
भटवाड़ी ब्लाक के हीना गांव में अमर उजाला के उत्तराखंड उदय महोत्सव के तहत पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। नालुंगा हीना स्थित बेसिक स्कूल के बच्चों के बीच सपनों का उत्तराखंड विषय पर हुई पेंटिंग प्रतियोगिता में आकाश प्रथम, सूरज द्वितीय तथा रिया तृतीय स्थान पर रही। उत्तराखंड से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी कराई गई। एक दिन पहले शिक्षकों ने बच्चों को उत्तराखंड से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और उनसे सवाल पूछे गए। इसमें रिया ने पहला, विक्रम ने दूसरा तथा सुनील ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए हीना गांव के प्रधान मनवन सिंह असवाल ने अमर उजाला की इस पहल की सराहना की। इस मौके पर शिक्षक नौबर सिंह कठैत ने छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड आंदोलन के बारे में बताया। इस मौके पर रामचंद्र रावत, मोहन लाल, जीतवर और विनोद मखलोगा आदि मौजूद रहे।