चिन्यालीसौड़ में निर्माणाधीन देवीसौड़ पुल से इस बार भी आवाजाही नहीं हो पाएगी। पुल का काम पूरा होने का समय सितंबर तक है, लेकिन पुनर्वास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पुल को हैंडओवर होने में अभी पांच-छह माह लग सकता है।
देवीसौड़ पुल टिहरी झील में डूब चुका है। 52 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बन रहे 162 मीटर लंबे स्पान के पुल पर अभी तक 30 करोड़ रुपये खर्च हो चुका है। अनुबंध के दौरान कार्यदायी संस्था हिलवेज कंपनी ने तय समय पर पुल का काम करने का दावा किया था, लेकिन पुल को हैंडओवर होने में अभी पांच माह का समय और लग सकता है।
पहले पुल की लागत 37 करोड़ 75 लाख थी, लेकिन प्रोडक्शन वर्क चेंज होने व दो बार पुल का एबटमेंट झील में डूबने के कारण पुल की लागत ज्यादा रिवाइज की गई। ब्लाक की 50 हजार आबादी को जोड़ने वाला देवीसौड़ पुल तय समय पर हैंडओवर नहीं होने से क्षेत्रीय जनता को इस बार भी आवाजाही की दिक्कतों से जूझना पड़ेगा।
-झील भरने से देवीसौड़ पुल डूब गया है। निर्माणाधीन देवीसौड़ पुल से इस बार आवाजाही की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन कार्यदायी संस्था कंपनी के कछुआ गति से काम करने के कारण पुल तैयार नहीं हो सका। अब ग्रामीणों को छह महीने बेहद मुश्किल चुनौतियों से जूझना पड़ेगा।
-बिजेंद्र सिंह रावत, प्रमुख, चिन्यालीसौड़
देवीसौड़ पुल को हैंडओवर होने में अभी 5-6 माह का वक्त और लगेगा। पुल के फेब्रिकेशन का काम लगभग 80 प्रतिशत हो चुका है, बस कुछ काम ही बाकी रह गया है।
बिजेंद्र सिंह पंवार, सहायक अभियंता, पुनर्वास