इस बार मानसून सीजन में कम बरसात का असर टिहरी बांध झील पर दिखने लगा है। इस बार टिहरी बांध झील में डूबा देवीसौड़ झूला पुल बीते सालों की तुलना में एक माह पहले ही झील से बाहर निकल आया है। इससे दिचली गमरी क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।
बीते 26 अगस्त को टिहरी बांध झील में समाया देवीसौड़ झूला पुल अब बाहर निकल आया है। दो-तीन दिन में इस पर आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है। बीते सालों की तुलना में इस बार यह स्थिति करीब एक माह पहले आने से दिचली गमरी क्षेत्र के ग्रामीण खुश हैं। जीएम उत्पादन टीएचडीसी एचएल अरोड़ा का कहना है कि इस बार कम बारिश के चलते टिहरी बांध झील को 823 मीटर तक ही भरा जा सका था। साथ ही उत्तरप्रदेश की सिंचाई जरूरत के लिए झील से रोजाना डेढ़ सौ क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे झील का लेबिल तेजी से कम हो रहा है।