राजकीय प्राथमिक विद्यालय मांडो तथा प्राथमिक विद्यालय जसपुर के लिए खतरा बने यूकेलिप्टस के पेड़ों को नहीं काटे जाने पर विद्यालय प्रबंधन व अभिभावकों ने रोष व्यक्त किया है। लोगों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
प्राथमिक विद्यालय मांडो की प्रधानाध्यापिका प्रेमलता भट्ट ने बताया कि विद्यालय परिसर में मौजूद यूकेलिप्टस के विशाल पेड़ ने पूरे भवन को घेर लिया है। जिस कारण आंधी तूफान व बरसात के मौसम में इस पुराने पेड़ की टहनियां विद्यालय की छत व परिसर में टूटकर गिरती रहती हैं। जिसकी चपेट में आने से विद्यार्थियों व शिक्षकों के चोटिल होने का डर बना हुआ है। जिससे विद्यालय में अध्ययनरत 17 विद्यार्थियों और विद्यालय में ही संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के 13 बच्चों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। उधर, प्राथमिक विद्यालय जसपुर की प्रधानाध्यापिका चित्रा नौटियाल ने बताया कि विद्यालय भवन से सटे पेड़ के कारण जोखिम बना हुआ है। कई बार मांग करने के बावजूद वन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में विद्यालय के 22 विद्यार्थियों के साथ ही परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के 8 बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर समस्या का जल्द निस्तारण कराने की मांग की है।