गोफियारा नामे तोक में जल संस्थान की पेयजल लाइन पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने शहर की मुख्य पाइप लाइन के ऊपर मिट्टी पत्थर डालकर अतिक्रमण करने की शिकायत की है।
क्षेत्र के जसपाल सिंह चौहान व मंगल सिंह चौहान ने कहा कि अप्रैल में एसडीएम भटवाड़ी को ज्ञापन सौंपकर गोफियारा नामे तोक में जल संस्थान की पेयजल लाइन पर अतिक्रमण की शिकायत की गई थी। इस पर एसडीएम ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा। मामले में ईई ने संबंधित अतिक्रमणकारी को पत्र जारी किया लेकिन पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पाइप लाइन के नीचे उनकी खेती की जमीन है। ऐसे में पाइप लाइन मलबा व पत्थर से क्षतिग्रस्त होती है तो जानमाल का नुकसान होने का खतरा बना हुआ है। इधर, जल संस्थान के ईई बीएस डोगरा का कहना है कि इस संबंध में संबंधित को पाइप लाइन के ऊपर से मलबा व पत्थर हटाने के निर्देश दिए गए थे। मलबा व पत्थर नहीं हटाए गए तो राजस्व विभाग की मदद से कार्रवाई की जाएगी।