जनपद उत्तरकाशी में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में छात्राओं ने बाजी मारी है। इंटर में ऋषिराम शिक्षण संस्थान की प्राची भंडारी ने 96.20 फीसदी व हाईस्कूल में जवाहर नवोदय विद्यालय धुनगिर की छात्रा नेहा रावत ने 97.80 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया है। जिले के सभी विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 90 फीसदी से अधिक रहा है।
शुक्रवार को सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। ऋषिराम शिक्षण संस्थान का परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा। विद्यालय के 14 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। वहीं महर्षि विद्यामंदिर का इंटर का परीक्षा परिणाम 94 व हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 98 फीसदी रहा। हाईस्कूल में साकेत पैन्यूली ने 90.8 फीसदी अंक व इंटर में सुशांत भंडारी ने 95 फीसदी अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉप किया। ऋषिराम शिक्षण संस्थान की प्राची भंडारी ने इंटर में 96.20 फीसदी अंक प्राप्त कर विद्यालय के साथ ही जनपद टॉप किया। इसी विद्यालय के आयुष राम गौड़ ने 96.40 फीसदी अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉप किया। जवाहर नवोदय विद्यालय धुनगिर का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। विद्यालय की नेहा रावत ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 97.80 फीसदी अंक प्राप्त कर विद्यालय के साथ ही जिले में भी टॉप किया। इसी विद्यालय के आलोक नेगी इंटर में 96 फीसदी अंक प्राप्त कर विद्यालय के टॉपर बने। प्राचार्य हेमलता ने बताया कि हाईस्कूल में 25 व इंटरमीडिएट में 9 छात्र-छात्राओं ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं प्राची व नेहा
- इंटरमीडिएट परीक्षा में 96.20 फीसदी अंक प्राप्त कर जिला टॉप करने वाली प्राची प्रशासनिक सेवा में कॅरिअर बनाना चाहती हैं। प्राची का पसंदीदा विषय अर्थशास्त्र है। प्राची के पिता एक निजी वाहन में परिचालक हैं जबकि माता गृहणी हैं। प्राची ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व शिक्षकों को दिया है। प्राची ने बिना ट्यूशन के ही परीक्षा में बेहतर परिणाम पाया है। वहीं हाईस्कूल परीक्षा में 97.80 फीसदी अंक प्राप्त करने वाली नेहा रावत भी प्रशासनिक सेवाओं में जाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।