ट्रैकिंग के लिए स्कूल की टीम पहुंची।
- फोटो : अमर उजाला
दिन में खिली धूप और कुछ दिन रुककर बारिश के चलते खुशगवार हुआ जिले का मौसम सैलानियों को खूब भा रहा है। दयारा बुग्याल की ट्रैकिंग पर पहुंचे वेलहम ब्वायज देहरादून के छात्र और शिक्षक यहां वादियों का नजारा कर गदगद हो गए। रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटकों के उत्तरकाशी पहुंचने से पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
27 मार्च को उत्तरकाशी पहुंचे वेलहम ब्वायज देहरादून के छात्रों और शिक्षकों ने दयारा पहुंचकर यहां का आनंद लिया। यह दल बार्सू से भरनाला होते हुए दयारा एवं बकरियां टॉप पहुंचा। यहां उन्होंने दो दिन तक कैंप लगाया। बृहस्पतिवार को लौटते समय इन छात्रों ने दयारा क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र किया। विद्यालय के शिक्षक अरुण शर्मा ने बताया कि दल में बारहवीं कक्षा के बाईस छात्र और चार शिक्षक शामिल थे। इस दौरान छात्रों ने ट्रैकिंग, कैंपिंग के साथ ही प्रकृति को करीब से समझा। दल को दयारा लेकर गए हरकी दून प्रोटेक्शन एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के चैन सिंह रावत ने बताया कि मैदानी इलाकों के स्कूल-कालेजों के बच्चे पर्यटन को बढ़ावा देने का अच्छा माध्यम है। इनके माध्यम से यहां की पर्यटन संभावनाओं को प्रचारित किया जा सकता है। दल में जॉय अरोड़ा, संजीव राणा, प्रशांत अरोड़ा, नरेंद्र पंवार, कमल थापा, नानू थापा, गुड्डू पंवार, टीकम राणा आदि शामिल रहे।