राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में कार्यरत संविदा कर्मचारी मशाल जुलूस निकालकर सड़कों पर गरजे। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।
सोमवार शाम को एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय से विश्वनाथ चौक, हनुमान चौक, मुख्य बाजार होते हुए मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान हाथों में मशालें और तख्तियां लेकर निकले कर्मचारियों ने लंबित दो सूत्री मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन शाखा उत्तरकाशी के उपाध्यक्ष गंगा घाटी मनीष रतूड़ी व सचिव अरविंद बुटोला ने कहा कि वह लंबे समय से हरियाणा की तर्ज पर सेवा नियमावली ग्रेड वेतनमान व आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से नियुक्ति प्रक्रिया समाप्त करने की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। जुलूस में मनोज भट्ट, राकेश चमोली, अरुण तिवारी, मीनाक्षी, शशिबाला, सोनिया, संध्या, सुनंदा, कृष्णानंद कुड़ियाल, प्रमोद नौटियाल आदि शामिल रहे। संवाद