गमरी पट्टी के ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन ने नेरी और तुल्याड़ा के बीच गंगा भागीरथी पर पुल निर्माण की संभावना तलाशनी शुरू कर दी है। यमुनोत्री विधायक ने सर्वे के बाद शीघ्र पुल की स्वीकृति का भरोसा दिलाया है।
ग्रामीण लंबे समय से नेरी और तुल्याड़ा के बीच गंगा भागीरथी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं। यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत की पहल पर लोनिवि विश्व बैंक के इंजीनियरों ने मौके पर पहुंचकर पुल निर्माण की संभावनाएं तलाशीं। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र इस संबंध में प्रशासन को रिपोर्ट सौंपेंगे। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस पुल की सैद्धांतिक स्वीकृति दिलाकर निर्माण की दिशा में प्रयास तेज किए जाएंगे। चिन्यालीसौड़ के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शूरवीर रांगड़ ने कहा कि इस पुल के बनने से चिन्यालीसौड़ नगर का विस्तार होने के साथ ही गमरी क्षेत्र के ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र के किशन रावत, रमेश चंद्र, शूरवीर रावत, सतपाल राणा, गौतम बहुगुणा, शंकर लाल, अमर लाल, रवींद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार, अनिल पंवार आदि ने पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने पर यमुनोत्री विधायक का आभार जताया है।