वर्षों बाद जिला मुख्यालय की आंतरिक सड़कों पर डामरीकरण का कार्य कराए जाने से नगरवासियों ने राहत की सांस ली है। करीब एक दशक से बदहाल पड़ी सड़कों के कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेमवाल ने डामरीकरण कार्य का निरीक्षण कर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए।
जिला मुख्यालय की आंतरिक सड़कें वर्षों से बदहाल पड़ी थीं। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और सीवर लाइन के उठे हुए चैंबर लोगों की परेशानी का सबब बने हुए थे। अब लोनिवि के माध्यम से आंतरिक सड़कों का डामरीकरण कराया जा रहा है। कार्य में व्यवधान न हो और गुणवत्ता बनी रहे, इसलिए रात के समय और बाजार बंदी के दौरान डामरीकरण कार्य कराया जा रहा है। सोमवार देर रात पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल ने मौके पर डामरीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। पेयजल एवं सीवर से जुड़े विभागों को भी डामरीकरण से पूर्व लाइन और चैंबर दुरुस्त कराने को कहा। इस मौके पर पालिका सभासद देवराज बिष्ट, महावीर चौहान, वासु नौटियाल आदि भी मौजूद रहे।