बड़कोट। रानाचट्टी से दांगुड़ गांव, पिंडकी, मादेश और निसणी को जोड़ने वाले पीएमजीएसवाई के तहत निर्माणाधीन मोटर मार्ग पर डामरीकरण की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। दांगुड़ गांव के पास सड़क पर बिछाया जा रहा डामर उखड़ने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। डामरीकरण के दौरान ही डामर उखड़ने से कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने विभाग से मौके पर जांच कराकर सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप करने की मांग की है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष रावत, कुलदीप रावत, मुकेश रावत, गिरीश रावत सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ईई योगेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क पर कोल्डमिक्स का इस्तेमाल किया जा रहा है जिसे सेट होने में करीब एक सप्ताह का समय लगता है। संवाद