धौंतरी बाजार क्षेत्र में बीते एक पखवाड़े से पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान हैं। जल संस्थान का दफ्तर बंद होने से गुस्साए लोगों ने संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया।
धौंतरी निवासी नरेंद्र नेगी ने बताया कि जल संस्थान ने धौंतरी में दफ्तर तो खोला है, लेकिन यहां अधिकांश समय जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी नदारद रहते हैं। बीते एक हफ्ते से दफ्तर में ताला लटका हुआ है। विभाग के अधिकारी जिला मुख्यालय से ही व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता जल संस्थान के दफ्तर पहुंचे। यहां प्रदर्शन कर उन्होंने पेयजल आपूर्ति शीघ्र बहाल करने की मांग की। साथ ही शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। प्रदर्शनकारियों में गुड्डी नौटियाल, बेताल सिंह पंवार, मनीष आर्य, मनोज नौटियाल, देवी प्रसाद नौटियाल, शिव सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।