बाड़ागड्डी क्षेत्र में शराब व जुआ के बढ़ते प्रचलन और पेयजल समस्या के खिलाफ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएम व एसपी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में पेयजल समस्या का निस्तारण करने के साथ ही नशे पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
बृहस्पतिवार को बाड़ागड्डी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में कलक्ट्रेट पहुंचे। महिला मंगल दल अध्यक्ष रीना पंवार ने कहा कि क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रचलन के कारण युवा पीढ़ी बर्बादी की कगार पर है। साथ ही क्षेत्र का सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। युवक मंगल दल अध्यक्ष मनोज पंवार ने कहा कि किशनपुर मुस्टिकसौड़ पेयजल योजना कई सालों से निर्माणाधीन है, जिसके चलते लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लंबे समय से योजना के निर्माणाधीन होने से इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बाद में ग्रामीणों ने डीएम को पेयजल समस्या व एसपी को नशे के बढ़ते प्रचलन पर रोक लगाने के लिए ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों में प्रधान कुरोली रंजीता पंवार, रविंद्री देवी, राजकुमारी, राजुली, ललिता, शिवदेई पंवार, शीतल पंवार, संगीता चौहान, मीना चौहान, सुनीता पंवार, छेणी देवी, कमला, सरोज पंवार, रामप्यारी, अंबिका, सुशीला, जयेंद्री, रामकृष्ण, भावना, कपिल पंवार, अवतार सिंह, बिजेंद्र सिंह, नवीन पंवार, बसंत चौहान, राजवीर गुसाईं आदि शामिल रहे।