ऑल वेदर रोड की चौड़ाई कम करने के निर्णय के खिलाफ जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों में पर्यावरण के नाम पर न्यायालय में याचिकाएं दाखिल करने वालों के खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है। होटल एसोसिएशन और व्यापार मंडल ने आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए 15 सितंबर को जिला मुख्यालय पर सभा आयोजित करने का निर्णय लिया है।
शनिवार को मणिकर्णिका घाट पर हुई बैठक में शामिल प्रधान संगठन, होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल आदि संगठनों के पदाधिकारियों ने इसके लिए पर्यावरण के नाम पर रोटी सेक रहे तथाकथित पर्यावरणविदों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि देश के अन्य हिमालयी राज्यों में धड़ल्ले से सड़क आदि विकास योजनाओं का निर्माण हो रहा है, लेकिन जिले में जबरन पर्यावरण के कड़े कानून थोपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर स्थानीय लोगों की आजीविका टिकी है और सामरिक महत्व से भी यह हाईवे चौड़ा होना जरूरी है। उन्होंने सभी गैर राजनीतिक संगठनों से एकजुट होकर क्षेत्र हित की आवाज बुलंद करने की अपील की। इस मौके पर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रधान संगठन के प्रदेश महामंत्री प्रताप रावत आदि मौजूद रहे।