उत्तरकाशी। जोशियाड़ा स्थित सहकारी बैंक का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोर बैंक के भीतर घुसे तो, लेकिन डबल लॉक लॉकर को न तोड़ पाने के कारण चोरी में नाकाम रहे। दूसरी ओर पास ही एलआईसी ऑफिस के मुख्य द्वार का ताला भी टूटा मिला। बैंक में चोरी के प्रयास के मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
शुक्रवार सुबह जब सहकारी बैंक के कर्मचारी बैंक खोलने पहुंचे तो बैंक का शटर खुला और ताला टूटा पड़ा मिला। जब वह अंदर गए तो सब ठीक था। बैंक की शाखा प्रबंधक सुमेरी परमार ने पुलिस को तहरीर में कहा कि चोर ताला तोड़कर भीतर घुसे, लेकिन लॉकर न टूट पाने के कारण चोरी नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि बैंक से कुछ चोरी नहीं हुआ है। उन्होंने चोरों का पता लगाने की मांग की। दूसरी ओर चोरों ने पास में ही एलआईसी ऑफिस के मुख्य द्वार का ताला भी तोड़ा, लेकिन अंदर नहीं घुस पाए। उत्तरकाशी थानाध्यक्ष जेपी कुकरेती ने बताया कि पुलिस छानबीन में जुटी है। बैंक के पास एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द चोरों का पता लगा लिया जाएगा।