नगर में धड़ल्ले से हो रहे अवैध अतिक्रमण पर सालों बाद नगर पालिका की नींद खुली। बुधवार को पुलिस एवं प्रशासन को साथ लेकर पालिका ने नगर में अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण चिह्नित किए और उसे हटाने के मौखिक निर्देश दिए। नगर में 200 से अधिक अवैध अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। अब पालिका नोटिस जारी कर शीघ्र अतिक्रमण न हटाने पर बलपूर्वक अतिक्रमण हटवाएगी।
पालिका प्रशासन ने पुलिस एवं जिला प्रशासन के सहयोग से नगर में अभियान चलाया। इससे अवैध अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। खोखा व्यापारियों का कहना है कि पालिका को सिर्फ खोखे ही अवैध नजर आते हैं, जबकि पालिका की जमीन पर कब्जे कर बन रही निजी संपत्तियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने पहले पक्के निर्माण ढहाने और वर्षों से कच्ची दुकानों में रोजगार कर अपने परिवार का पेट पाल रहे छोटे व्यापारियों की आजीविका के इंतजाम करने की मांग की। अभियान के दौरान पुलिस उपाधीक्षक देवीदत्त चौसाली, एसडीएम भटवाड़ी जयवर्द्धन शर्मा, अधिशासी अधिकारी सुशील कुरील, तहसीलदार मुकेश रमोला और एसओ अजय सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सुशील कुरील ने कहा कि नगर में 200 से अधिक अवैध अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। इन्हें शीघ्र नोटिस जारी कर हटाने के आदेश दिए जाएंगे।