उत्तरकाशी। माध्यमिक शिक्षकों की लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर राजकीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया है।
बृहस्पतिवार को राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राकेश रमोला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य शिक्षा अधिकारी से मिला। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत संचालित माध्यमिक विद्यालयों में बीते तीन माह से शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने पर रोष जताया। साथ ही शिक्षकों ने चयन प्रोन्नत वेतनमान की बैठक करने, योग्यता वृद्धि के लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने, चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए बजट उपलब्ध कराने तथा राजकीय एलोपैथिक चिकित्सक द्वारा जारी चिकित्सा प्रमाणपत्र के आधार पर जीपीएफ निकासी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में उपेंद्र भंडारी, मनोज परमार, नरेंद्र कंडारी, सुनील पंवार, उत्तम नेगी आदि शामिल रहे।