उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए इस बार जिला सहकारी बैंक द्वारा मोबाइल एटीएम वैन संचालित की जा रही है। बुधवार को डीएम डा. आशीष चौहान ने एटीएम वाहन को रवाना किया।
डीएम ने बैंक महाप्रबंधक को मोबाइल एटीएम में पर्याप्त कैश उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे बाहरी क्षेत्रों से आने वाले तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी काफी सुविधा मिलेगी। जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि यह मोबाइल एटीएम यात्रा मार्ग पर संचालित किया जाएगा। एटीएम के संचालन के लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी जरूरी होगी। इस मौके पर सहायक महाप्रबंधक रामपाल सिंह, प्रबंधक ज्ञानेंद्र परमार आदि मौजूद रहे। सहकारी बैंक के इस एटीएम से लोगों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है, लेकिन गंगोत्री धाम में इसका संचालन मुश्किल नजर आ रहा है। धाम में इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण आम संचार सेवाएं ही सही ढंग से नहीं चल पा रही हैं।