उत्तरकाशी। जंगलों में आग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सोमवार को जिला सभागार में बैठक हुई, जिसमें डीएम डॉ. आशीष चौहान ने वन विभाग सहित तमाम अन्य संबंधित विभागों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में करीब 80 प्रतिशत वन क्षेत्र है। इसमें चीड़ वनों की बहुलता के चलते गर्मियों में दावानल की घटनाएं बढ़ने की आशंका अधिक होती है। ऐसे में जरूरी है कि सभी वन, आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ व अग्निशमन विभाग को आपसी तालमेल बनाते हुए इस समस्या से निपटना होगा। उन्होंने न्याय पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी तैनात कर दावानल की घटनाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जंगलों में जबरन आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को भी अस्पतालों में बर्न यूनिट स्थापित कर जरूरी दवाइयां आदि व्यवस्थाएं करने के आदेश दिए। इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी विजय बहादुर, सीओ कमल सिंह पंवार, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल आदि मौजूद रहे।