उत्तरकाशी। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे बीएसएनएल के कैजुअल एवं कांट्रेक्ट कर्मचारियों ने चार अप्रैल से कार्य बहिष्कार का एलान किया है।
बीएसएनएल कैजुअल एवं कांट्रेक्ट वर्कर्स फेडरेशन के जिलाध्यक्ष विनोद थपलियाल एवं सचिव कुंदन सेमवाल ने बताया कि कंप्यूटर ऑपरेटर, लाइनमैन, इंजन ऑपरेटर आदि तकनीकी कार्य कराने के बावजूद वर्कर्स को अकुशल श्रेणी में रखकर महज आठ हजार प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। फरवरी में कार्यबहिष्कार करने पर बीएसएनएल प्रशासन ने श्रमिकों को दो माह का लंबित मानदेय दिया और शेष मानदेय 31 मार्च से पहले करने का लिखित आश्वासन दिया था। इसके बावजूद अभी तक श्रमिकों को मानदेय नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि मोबाइल टावरों पर तैनात श्रमिकों को तो एक साल से मानदेय नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि फेडरेशन ने शीघ्र मानदेय नहीं मिलने पर अब 4 अप्रैल से पुन: कार्य बहिष्कार आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।