बड़कोट (उत्तरकाशी)। यमुनोत्री विधायक के हाथों शिलान्यास के बाद भी बड़कोट-तिलाड़ी सड़क का चौड़ीकरण और डंडालगांव मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि अभी तक इन सड़कों में आ रहे पेड़ों का छपान और कटान नहीं हो पाया है।
सड़कों को स्वीकृति के साथ तीन हफ्ते पहले लोनिवि ने यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत के हाथों इन सड़कों का शिलान्यास कर मौके पर बोर्ड टंगवा दिए, लेकिन तीन हफ्ते बाद भी धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हो पाया है। वन विकास निगम के प्रतिनिधि जयदेव चौहान ने बताया कि तिलाड़ी मोटर मार्ग में आ रहे पेड़ों की अभी तक लिस्ट नहीं आयी है। इसके बाद ही पेड़ों का छपान और कटान किया जाएगा। क्षेत्र के किताब सिंह रावत, दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य सुरेंद्र रावत, प्रधान पवन पंवार आदि ने सड़क का निर्माण शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई। लोनिवि के ईई एसके गर्ग का कहना है कि सड़क में आ रहे पेड़ वन निगम को काटने हैं। इस संबंध में कार्रवाई की जा रही है।