पुरोला/नौगांव/बड़कोट। सरकार बनने के दस दिनों के भीतर किसानों का ऋण माफ करने एवं गरीबों के खातों में 72 हजार डालने का वादा करते हुए टिहरी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह ने कांग्रेस पार्टी को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने मतदाताओं से डबल इंजन सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की।
बृहस्पतिवार को यमुना घाटी क्षेत्र में ताबड़तोड़ प्रचार करते हुए टिहरी संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी प्रीतम सिंह ने सबसे पहले पुरोला में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से करीब 60 सालों तक सरकार चलाते हुए कांग्रेस ने देश को विश्व शक्ति का दर्जा दिलाया था। कांग्रेस ने किसानों, गरीबों व आम आदमी का साथ निभाते हुए हमेशा जनहित की योजनाओं को लागू किया। हालांकि 2014 में भाजपा ने झूठे वादों के दम पर सत्ता हासिल की, लेकिन अपने पांच सालों के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने पूंजीपतियों की जेब भरने और आम आदमी का शोषण करने के अलावा कोई कार्य नहीं किया।
नौगांव में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि टिहरी सीट से चुनाव लड़ रही भाजपा प्रत्याशी ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र का कोई विकास नहीं किया। यहां तक कि उन्हें अपने लोकसभा क्षेत्र का भुगोल तक नहीं पता है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी को दोबारा विजयी बनाना क्षेत्र के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। बड़कोट में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने रवांई व जौनपुर क्षेत्र को भी जौनसार की तर्ज पर जनजातीय क्षेत्र का दर्जा दिलाने की बात कही। इस मौके पर पुरोला विधायक राजकुमार, संजय डोभाल, अनुपमा रावत, हरिमोहन नेगी, अतोल रावत, अजबीन पंवार, भगत सिंह राणा, पीएल हिमानी, लोकेंद्र रावत, राजेंद्र राणा, दिनेश खत्री, जगदीश गुसाई, रेखा नौटियाल जोशी, दिनेश चौहान, हरिमोहन जुवांठा आदि मौजूद रहे।