उत्तरकाशी। यूएनडीपी की सिक्योर हिमालय परियोजना के तहत वन विभाग की ओर से युवाओं को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से प्रशिक्षण दिलाया गया। 15 दिन के प्रशिक्षण में गंगोत्री नेशनल पार्क एवं गोविंद वन्य जीव विहार से लगे गांवों के 25 युवाओं को साहसिक गतिविधियों के गुर सिखाए गए।
सोमवार को प्रशिक्षण के समापन पर निम में आयोजित कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली के लिए यूएनडीपी की ओर से सिक्योर हिमालय परियोजना चलाई जा रही है। इसमें विभिन्न गतिविधियों के साथ ही हिमालयी क्षेत्र के लोगों की आजीविका संवर्द्धन भी शामिल है। इसी उद्देश्य से जनपद में गंगोत्री नेशनल पार्क और गोविंद वन्य जीव विहार क्षेत्र के युवाओं को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है। इस क्रम में क्षेत्र के 25 युवाओं को निम से 15 दिन का सघन प्रशिक्षण दिलाया गया। इसमें युवाओं को पर्वतारोहण एवं ट्रेकिंग के साथ ही रॉक क्लाइंबिंग, ट्रैकिंग गाइड आदि के गुर भी सिखाए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएम डा. आशीष चौहान ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि जनपद में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। हिमालय, गंगा एवं पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए विभिन्न साहसिक गतिविधियों के माध्यम से पर्यटकों को यहां आकर्षित किया जा सकता है। इस मौके पर गंगोत्री नेशनल पार्क के उपनिदेशक नंदावल्लभ शर्मा, निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट, चीफ इंस्ट्रक्टर रणवीर सिंह, विनोद गुसाईं आदि मौजूद रहे।