उत्तरकाशी। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बृहस्पतिवार को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज अजय रौतेला वार्षिक निरीक्षण पर उत्तरकाशी पहुंचे। पहले दिन उन्होंने एसपी ऑफिस के विभिन्न सेक्शन का निरीक्षण कर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज अजय रौतेला उत्तरकाशी पहुंचे। यहां एसपी ऑफिस में पुलिस जवानों ने उन्हें सलामी दी। एसपी ऑफिस का निरीक्षण करते हुए उन्होंने एकाउंट, महिला हेल्प लाइन, जिला अपराध रिकार्ड ब्यूरो आदि सभी सेक्शन का निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव और साफ-सफाई का जायजा भी लिया। पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधिकारियों व जवानों को चुनाव के दौरान मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए संवेदनशील पोलिंग बूथों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने को कहा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक कमल सिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक श्रीधर बडोला, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हीरालाल बिजल्वाण आदि अधिकारी मौजूद रहे।