उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने मासिक सम्मेलन एवं क्राइम मीटिंग में पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनने के साथ ही जिले में अपराधों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल को आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी ने फरवरी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस कर्मियों को मैन ऑफ द मंथ अवार्ड से सम्मानित किया।
सोमवार को ज्ञानसू पुलिस लाइन में आयोजित मासिक सम्मेलन में एसपी भट्ट ने पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं । क्राइम मीटिंग में जिले के सभी थानों में लंबित अपराध के मामलों की विवेचना की समीक्षा करते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान तेज करने तथा सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से अधिक आयु के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की दुर्गम स्थलों पर ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। चुनाव के दौरान अपरिहार्य स्थितियों को छोड़ पुलिस कर्मियों के अवकाश स्वीकृत नहीं किए जाएंगे।
फरवरी में उत्कृष्ट कार्यों के लिए थानाध्यक्ष मोरी दीप कुमार, उत्तरकाशी चौकी प्रभारी एसआई मनीषा नेगी, एसओजी टीम के कांस्टेबल ओसाफ खान, डुंडा चौकी के कांस्टेबल नवीन कुमार और एसपी ऑफिस में तैनात कांस्टेबल संजीत को मैन ऑफ द मंथ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक कमल सिंह पंवार एवं श्रीधर बडोला सहित सभी थानाध्यक्ष, पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।