पुरोला (उत्तरकाशी)। मुख्यमंत्री की 13 जनपद 13 डेस्टिनेशन योजना में शुमार हरकीदून क्षेत्र में प्रशासन ने साहसिक खेल गतिविधियां शुरू कर पर्यटकों को आकर्षित करने की कवायद शुरू कर दी है। अब केदारकांठा के प्राकृतिक ढाल पर पर्यटक स्कीइंग का लुत्फ ले सकेंगे। डीएम डा. आशीष चौहान ने क्षेत्र के केदारकांठा में स्कीइंग प्रशिक्षण के साथ ही सांकरी में साहसिक खेल जिप लाइन का शुभारंभ किया।
शनिवार को सांकरी पहुंचे डीएम डा. आशीष चौहान ने हरकीदून क्षेत्र में पर्यटकों को आकर्षित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। युवाओं के लिए क्षेत्र में स्वरोजगार के साधन भी तैयार होंगे। उन्होंने लोगों से होम स्टे तैयार कर पर्यटकों के ठहराव की व्यवस्था करने को कहा। डीएम ने केदारकांठा में स्कीइंग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। आठ दिन तक चलने वाले प्रशिक्षण में 6 युवतियों समेत 25 स्थानीय युवा शामिल हैं। जल्द ही यहां स्कीइंग के लिए ढांचागत सुविधाएं जुटाई जाएगी। इसमें प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार मिल सकेगा। साथ ही डीएम ने सांकरी में 700 मीटर लंबी जिप लाइन का उद्घाटन भी किया। यह साहसिक खेल रोमांच के शौकीन पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। इस मौके पर एसडीएम पूरण सिंह राणा, पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, बलवीर रावत, बलवीर राणा, भगत रावत, संतोष रावत, दुर्गेश लाल, सुखवीर सिंह, टीका सिंह, कृपाल सिंह आदि मौजूद रहे।