नौगांव (उत्तरकाशी)। डामटा में पुलिस चौकी पर तैनात दो पुलिस कर्मियों द्वारा एक होटल स्वामी से मारपीट किए जाने से विवाद खड़ा हो गया। व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक से डामटा चौकी में तैनात स्टाफ का तत्काल हटाने की मांग की। साथ ही ऐसा नहीं होने पर यमुनोत्री हाईवे पर जाम लगाने की चेतावनी दी। वहीं, एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक को मामले की जांच सौंपकर लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
होटल स्वामी रतन सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात डामटा पुलिस चौकी पर तैनात दो सिपाही और एक युवक उनके होटल में आए। उन्होंने जबरन शराब पीने और खाना परोसने का दबाव बनाया। इनकार करने पर उन्होंने होटल मालिक से मारपीट की और उसे चौकी ले गए। इसकी भनक लगते ही व्यापारी भी चौकी पहुंच गए। उन्होंने थानाध्यक्ष पुरोला ऋतुराज रावत को दूरभाष पर इसकी सूचना दी। थानाध्यक्ष रात को ही डामटा पहुंच गए और लोगों को समझाकर मामला शांत किया। होटल स्वामी रतन सिंह ने सिपाही जयवीर सिंह, राजेश सिंह व स्थानीय युवक महेंद्र सिंह के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
दूसरे दिन शनिवार को व्यापारी दौरे पर आए एसपी पंकज भट्ट से मिले और डामटा चौकी में तैनात स्टॉफ को हटाने व मारपीट की तहरीर पर कार्रवाई नहीं होने आक्रोश जताया। इस पर एसपी ने मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि थाना एवं चौकियों में तीन साल से अधिक समय से तैनात कर्मचारियों की सूची तैयार की गई है, जिन्हें रुटीन के आधार पर स्थानांतरित किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य गीता देवी, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र चौहान, ग्राम प्रधान दिनेश चौहान, दयाराम थपलियाल, बचन सिंह चौहान आदि शामिल थे।