उत्तरकाशी/बड़कोट। लंबित वेतन के भुगतान की मांग को लेकर बीएसएनएल कैजुअल व कांट्रेक्ट वर्कर्स फेडरेशन से जुड़े कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार पांचवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने निगम प्रशासन की तरफ से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर रोष व्यक्त किया। साथ ही 13 फरवरी तक मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को बीएसएनएल कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार के पांचवें दिन संगठन के पदाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ भारी आक्रोष व्यक्त किया। संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने कहा कि टिहरी व उत्तरकाशी में कार्यरत मोबाइल टावर श्रमिकों को एक साल से वेतन नहीं मिला है, जबकि दूरभाष केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों को पांच माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इधर, संगठन के सचिव कुंदन सेमवाल ने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल से अब जिले में दूरसंचार सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। बीएसएनएल की ब्राड बैंड व मोबाइल फोन सेवा बाधित होने से आम जनता के साथ ही कई सरकारी विभागों में भी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में अगर 13 तारीख का लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो कर्मचारी उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर किशोरी लाल, लक्ष्मण बागड़ी, उम्मेद गुर्साइं, भरत सिंह बिष्ट, वीर सिंह नेगी, सुरेंद्र महर, जितेंद्र पंवार, सुमन नौटियाल, बलदेव सिंह, प्रमोद डोभाल आदि मौजूद रहे।