नौगांव (उत्तरकाशी)। विद्युत ट्रांसफार्मर में खराबी के कारण ब्लॉक का जरड़ा गांव बीते एक सप्ताह से अंधेरे में डूबा है, जिससे रोजमर्रा के कार्य प्रभावित होने के साथ ही बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों को दिक्कत हो रही है। कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
जरड़ा गांव में लगा पुराना ट्रांसफार्मर कुछ दिनों पूर्व ओवरलोड से जल गया था। पूर्व क्षेत्र पंचायत बलबीर सिंह ने बताया कि विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को मोमबत्ती व लालटेन के सहारे ही गुजारा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ग्रामीणों ने विभाग से कई बार शिकायत भी की, लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। ऊर्जा निगम के एसडीओ गिरीराज सैनी ने बताया कि गांव में लगा ट्रांसफार्मर पुराना होने की वजह से लोड नहीं उठा पा रहा है, जिससे उसमें बार-बार खराबी आ रही है। जल्द ही गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाकर ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।