नौगांव। नगर पंचायत मुख्य चौराहे पर बदहाल पड़ा यमुनोत्री हाईवे हादसों को न्योता दे रहा है। एनएच द्वारा हाईवे पर पड़े गड्ढों को मिट्टी से पाटने की व्यवस्था हल्की बारिश में ही धुल गई है।
यमुनोत्री हाईवे लंबे समय से बदहाल पड़ा है। सड़क में गड्ढे पड़े हैं और हाईवे के किनारे नालियों की व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। शिकायत करने पर एनएच के अधिकारी गड्ढों को मिट्टी से भरकर इतिश्री कर लेते हैं। बारिश से मिट्टी बहने से सड़क में फिर गड्ढे उभर आए हैं। साथ ही इनमें पानी भरने से हाईवे का यह हिस्सा तालाब में तब्दील हो गया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश असवाल का कहना है कि कई बार एनएच के अधिकारियों से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। एनएच के अधिशासी अभियंता नवनीत पांडे का कहना है कि फिलहाल इन गड्ढों को भरवाकर यातायात व्यवस्थित करा दिया जाएगा। मार्च के बाद ही यहां डामरीकरण कराकर स्थायी समाधान किया जाएगा।