उत्तरकाशी। जिले में नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध के लिहाज से अपेक्षाकृत शांत पहाड़ी जनपद में सड़क हादसों पर नियंत्रण उनकी प्राथमिकता में है। साथ ही नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर न सिर्फ तस्करों के नेटवर्क को तोड़ा जाएगा, बल्कि युवाओं को भी नशे से दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
एसपी सीआईडी कुमाऊं रेंज से ट्रांसफर होकर एसपी उत्तरकाशी का पदभार ग्रहण करने के बाद आईपीएस अधिकारी पंकज भट्ट ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों के साथ वार्ता की। उन्होंने कहा कि अपराध के लिहाज से यह पहाड़ी जनपद अपेक्षाकृत शांत है, लेकिन यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम समेत दर्जनों पर्यटन स्थलों एवं ट्रेक रूटों की मौजूदगी के चलते यहां चुनौतियां अलग तरह की हैं। जिले में सड़क हादसों का काला इतिहास रहा है। इसे देखते हुए बीते दस साल में हुए वाहन हादसों की मैपिंग कराई जा रही है, जिसके आधार पर डेंजर जोन चिह्नित कर हादसों पर नियंत्रण के ठोस उपाय किए जाएंगे। साथ ही मित्र पुलिस की छवि को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने स्वीकारा कि जिले में नशे की तस्करी, युवाओं में स्मैक जैसे नशे के प्रचलन व मानव तस्करी की शिकायतें आ रही हैं। इसके खिलाफ शीघ्र बड़े स्तर पर अभियान छेड़ा जाएगा। नवनियुक्त एसपी भट्ट ने कहा कि जिले में कुल 865 पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात हैं। इनके साथ ही अपराध नियंत्रण व कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाने में कम्यूनिटी पुलिसिंग की अवधारणा पर कार्य किया जाएगा।