नौगांव। स्योरी फल पट्टी क्षेत्र में इस सीजन की पहली बर्फबारी होने से सेब काश्तकारों के चेहरे खिल गए हैं। किसान अब सेब के पेड़ों की कटाई छंटाई की तैयारी में जुट गए हैं।
विज्ञापन
नौगांव की स्योरी फल पट्टी के मटियाली, बिंग्सी, नैणी, पिसाऊं, किम्मी, रस्टाड़ी, नौगांव, मुराड़ी, मुंगरा, सुनारा, कोटियालगांव, तुनाल्का आदि गांवों में इस सीजन में अभी तक बर्फबारी नहीं होने के कारण सेब की फसल पर संकट मंडरा रहा था। बीते 21 से 23 जनवरी के बीच क्षेत्र में भी जमकर बर्फबारी हुई। सेब किसान गजेंद्र नौटियाल, राकेश शारदा, बबलू ठाकुर आदि ने बताया कि करीब डेढ़ दशक बाद यह पहला मौका है जब क्षेत्र में पहली बर्फबारी में ही बागीचों में डेढ़ फीट तक बर्फ पड़ी है। कृषि विज्ञान केंद्र के उद्यान विशेषज्ञ डा. पंकज नौटियाल ने भी मौसम में आए इन बदलवाओ को खेती-बागवानी के लिए फायदेमंद बताया है। उन्होंने कहा कि यदि तीन सप्ताह के अंतराल में पुन: इसी तरह की बर्फबारी हुई, तो किसानों को ज्यादा फायदा मिलेगा।