उत्तरकाशी। माघ मेले के तीसरे दिन बुधवार को हाथी के स्वांग के दौरान पौराणिक ‘बाड़ाहाट कु थौलु’ की झलक देखने को मिली। इसमें बाड़ाहाट क्षेत्र के आराध्य कंडार देवता की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। इस दौरान ढोल की थाप पर नृत्य करते पांडव पश्वा आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में पहुंचे ग्रामीणों ने कंडार देवता और पांडव पश्वाओं से आशीर्वाद लिया।
बुधवार को बाड़ाहाट कु थौलु पांच पांडव समिति की ओर से हाथी के स्वांग के साथ कंडार देवता की रथ यात्रा का आयोजन किया गया। कलक्ट्रेट चौक स्थित कंडार देवता मंदिर से आरंभ हुई यात्रा का बॉलीवुड डायरेक्टर ओमंग कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा एवं डीएम डा. आशीष चौहान ने उद्घाटन किया। इसके बाद कंडार देवता की भोग मूर्ति को लकड़ी से बने हाथी पर बैठाकर सभी श्रद्धालु व पांडव पश्वा भैरव चौक स्थित चमाला की चौरी पहुंचे, जहां विशेष पूजा अर्चना करने के बाद रथ यात्रा विश्वनाथ मंदिर पहुंची, जहां काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सभी श्रद्धालुुओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर रांसो तांदी नृत्य किया। यहां से रथ यात्रा रामलीला मैदान व मुख्य बाजार होते हुए मणिकर्णिका घाट पहुंची, जहां पर देवता की भोग मूर्ति व पांडव पश्वा के शस्त्रों का गंगा भागीरथी के जल से अभिषेक किया गया। नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए यह शोभा यात्रा चमाला की चौरी पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान घोड़ी का स्वांग और ऐड़ी का स्वांग भी आकर्षण का केंद्र रहे। इस मौके पर डा. रामचंद्र उनियाल, सुरेंद्र पुरी, राकेश डंगवाल, प्रद्युमन नौटियाल, कुंती देवी, काली देवी, राजपाल सिंह, विजयलाल नैथानी, रामलाल आर्य, कलमू राम, कमल सिंह, अमर सिंह, इंद्र देव, सुखशर्मानंद, हरीश डंगवाल आदि मौजूद रहे।
कलाकारों ने पेश की रवाईं की संस्कृति की झलक
उत्तरकाशी। रामलीला मैदान में चल रहे माघ मेले के तीसरे दिन रवाईं क्षेत्र के लोक कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इससे पूर्व बुधवार को आयोजित समारोह का शुभारंभ पंचायतीराज विभाग की गोष्ठी के साथ किया गया, जिसमें विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इसका लाभ उठाने की अपील की। इसके बाद पुरोला ब्लॉक के लोक गायक सुनील बेसारी ने टीम के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसमें उन्होंने महासू देवता की स्तुति सहित रांसौ, हारुल, छोड़ा आदि गीतों व नृत्यों की प्रस्तुति देकर रर्वाइं की समृद्ध संस्कृति की झलक पेश की। वहीं संध्याकालीन समारोह में उम्मेद आर्य ने रॉक बैंड व रवाईं जौनसार के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति देकर सभी दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। इस दौरान स्व. मुलायम सिंह राणा की स्मृति में छात्र संगठन द्वारा छात्र सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया। शिवरतन रावत ने संचालन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, मंगला राणा, सरिता राणा, अनिता गुसांई, संतोषी सजवाण, कुलदीप बिष्ट, पवन नौटियाल, हर्ष अग्निहोत्री, जितेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।