पुरोला/जखोली। गोविंद पशु विहार क्षेत्र के गंगाड़ गांव में भालू ने हमला कर एक ग्रामीण को घायल कर दिया, जिसे पीएचसी मोरी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, ग्राम पंचायत जखवाड़ी मल्ली में भी भालू ने हमला कर घायल कर दिया।
सोमवार देर शाम को मोरी ब्लॉक के गंगाड़ गांव निवासी जयवीर सिंह (27) पुत्र करण सिंह धारकोट नामे तोक स्थित खेतों में काम कर रहा था। तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे भालू ने उस पर हमला कर दिया। जयवीर के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों के वहां पहुंचने पर भालू भाग गया। इसके बाद जयवीर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया। उधर, तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत जखवाड़ी मल्ली निवासी पूर्व प्रधान दीवान सिंह पास के लिस्वाल्टा गांव जा रहे थे। इसी बीच भालू ने उन पर हमला कर दिया। दीवान के शोर मचाने पर भालू भाग गया। ग्रामीणों ने दीवान को अस्पताल पहुंचाया।