उत्तरकाशी। पौराणिक माघ मेले के दूसरे दिन गंगा घाटी के कलाकारों ने पर्वतीय लोक संस्कृति की मनमोहक झलक पेश की। मंगलवार को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत पारंपरिक रासौं नृत्य के साथ हुई, जिसमें कोटियाल गांव, लदाड़ी एवं दिलसौड़ क्षेत्र के महिला मंगल दलों ने ढोल दमाऊ की धुन पर मनमोहक रासौं नृत्य किया।
चिन्यालीसौड़ ब्लॉक से आए कलाकारों ने विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। वहीं देर शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक गायक लोकेंद्र कैंतुरा ने गढ़वाली व जौनसारी गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि लोक कलाकारों के कारण ही इस आधुनिक युग में भी पर्वतों की संस्कृति व परंपराएं बची हुई हैं। इस मौके पर शिवरतन सिंह रावत ने संचालन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य मंगला राणा, संतोषी सजवाण, पवन नौटियाल, हर्ष अग्निहोत्री, जितेंद्र राणा, धमेंद्र बिष्ट, सुरेश राणा आदि मौजूद रहे।
ग्रामीणों को दी कृषि योजनाओं की जानकारी
उत्तरकाशी। माघ मेले को जनकल्याण से जोड़ते हुए मंगलवार को कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कृषि यंत्र खरीद आदि योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही खेती बाड़ी के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजन किया गया, जिसमें बबीता देवी, विनीता सेमवाल, किशन सिंह आदि को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर मुख्य कृषि अधिकारी महिधर सिंह तोमर, भूमि संरक्षण अधिकारी सचिन कुमार, सहायक कृषि अधिकारी यशपाल राणा, मुकेश तोपवाल, शैलेंद्र उनियाल, धमेंद्र भट्ट, शैलेंद्र रतूड़ी आदि मौजूद रहे।
खरीदारी के लिए उमड़ा जन सैलाब
उत्तरकाशी। माघ मेले के तहत रामलीला मैदान में लगाई गई दुकानों व स्टॉलों में भारी भीड़ उमड़ने लगी है। जहां एक तरफ कृषि, पशुपालन, उद्यान, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, उद्योग आदि विभागों के स्टॉलों में ग्रामीण सरकारी योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं। वहीं हस्तशिल्प, कपड़े, खानपान, खिलौने, सजावटी सामान आदि दुकानों में भी लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। साथ ही चरखी, ड्रैगन आदि झूले बच्चों के आकर्षण का केंद्र बने हैं, जबकि जोशियाड़ा बैराज झील में चल रहे वॉटर स्पोर्ट्स का भी लोग जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
माघ मेले में आज होने वाले कार्यक्रम
- पंचायतीराज विभाग की गोष्ठी
- कलक्ट्रेट चौक से मेला मंच तक बाड़ाहाट के आराध्य कंडार देवता की हाथी रथ
- दोपहर में पुरोला ब्लॉक के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति
- उम्मेद आर्य रॉक बैंड का कार्यक्रम
- शाम चार बजे से स्व. मुलायम सिंह राणा की स्मृति में छात्र संगठनों द्वारा छात्र सम्मान समारोह
- शाम छह बजे से रवाईं जौनसार के गायकों की स्टार नाइट।