पुरोला। मोरी ब्लॉक के सिदरी गांव में पैर फिसलने से एक महिला टौंस नदी में गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नौगांव भेज दिया है।
सिदरी गांव निवासी मीमा देवी (22) अपने पति मोहन सिंह के साथ मोताड़ गांव जा रही थी। इस बीच वह नदी की ओर गई तो उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गई। महिला की चीख सुनकर आगे चल रहा पति नदी की ओर गया, तो तब तक मीमा देवी काफी दूर तक नदी के तेज बहाव में बह गई थी। सूचना मिलने पर मोरी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची, जहां कुछ घंटों तक चली खोजबीन के बाद महिला का शव घटनास्थल से करीब तीन किमी दूर सांद्रा गांव में नदी किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए नौगांव भेज दिया है। थानाध्यक्ष दीप कुमार ने बताया कि मीमा देवी काफी दिन से पिलिया से ग्रस्त थी, जिसका उपचार कराने के लिए वह मोताड़ गांव के एक वैद्य के पास जा रही थी, लेकिन रास्ते में हुई घटना में उसकी मौत हो गई।