बड़कोट। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें 180 युवाओं को सरकारी योजनाओं व स्वरोजगार संबंधी जानकारी दी गई।
आयोग के वरिष्ठ सहायक निदेशक एसआर डोभाल ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार कार्यक्रम के तहत कोई भी बेरोजगार युवक उत्पादन क्षेत्र में 25 लाख व सेवा क्षेत्र में 10 लाख तक का ऋण ले सकता है। इसमें सरकार द्वारा 35 प्रतिशत तक की सब्सिडी भी प्रदान की जाती है। वहीं पूर्व में स्थापित उद्योग को विस्तार देने के लिए सरकार द्वारा उत्पादन क्षेत्र में एक करोड़ व सेवा क्षेत्र में 25 लाख तक का ऋण 15 प्रतिशत सब्सिडी के साथ प्रदान किया जाता है। ऐसे में युवा वर्ग अपने कौशल व सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपना स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। एसबीआई के उप प्रबंधक मुकेश कुमार व पीएनबी के प्रबंधक आरएस गुर्साइं ने युवाओं को बैंक से ऋण लेने की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य निरंजन कुमार खुगशाल, जेएस मलिक, गजेंद्र चौहान, प्रकाश चंद्र, देवेंद्र सिंह, लीलाधर, सुशील राणा, संदीप भंडारी, आशीष रावत आदि मौजूद रहे।