उत्तरकाशी। बरसाली गांव के उभरते हुए गायक अभिनय बिष्ट का नया पंजाबी गीत सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है। उत्तरकाशी और गुरुग्राम में फिल्माए गए गीत को रिलीज होने के बाद से अभी तक 50 हजार हिट मिल चुके हैं। पूर्व में भी कई लोकप्रिय गीत गा चुका अभिनय बिष्ट संगीत के माध्यम से उत्तरकाशी जिले को नई पहचान दिलाना चाहता है।
मंगलवार को हुई पत्रकार वार्ता में अभिनय बिष्ट ने अपने नए गीत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘कित्तियां’ शीर्षक वाला यह तीन मिनट 24 सैकेंड का पंजाबी गीत एक लव सांग है। गाने का संगीत म्यूजिक डायरेक्टर मनन भारद्वाज तथा रिकॉडिंग व्हाइट कॉफी रिकॉर्ड्स ने की है। इसमें उत्तरकाशी जिले की कई हसीन वादियों के साथ ही गुरुग्राम शहर की शूटिंग भी की गई है। 26 अक्तूबर को रिलीज हुए इस गीत को बीते पांच दिन के भीतर सोशल मीडिया में करीब 50 हजार हिट मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि महर्षि विद्या मंदिर उत्तरकाशी में प्रारंभिक शिक्षा के दौरान ही उनके भीतर संगीत का शौक पैदा हुआ था, जिसे पूरा करने के लिए वर्ष 2015 में ‘खो जाता हूं’ गीत सोशल मीडिया में लांच किया। इस गीत की सफलता के बाद ‘दीवाना हूं तेरा’, ‘तुम ही हो’ जैसे हिंदी गीतों के साथ ही ‘तू दिख्यांदी जनि जुन्याली’ गढ़वाली गीत का रीमिक्स भी किया। उन्होंने कहा कि हिंदी व पंजाबी में गीत गाने का मुख्य कारण इन भाषाओं की लोकप्रियता है, लेकिन पर्वतीय संस्कृति व जिले को पहचान दिलाने के लिए वह अपने गीतों में उत्तरकाशी के विभिन्न क्षेत्रों का फिल्मांकन करते हैं।