उत्तरकाशी। विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति की ओर से आयोजित सात दिवसीय सैनिक दीपावली मेले का शुक्रवार शाम को शुभारंभ किया गया। कंडार देवता, हरि महाराज व मां खंडद्वारी के सान्निध्य में एक्स सर्विसमैन कॉट्रिब्यूट्री हेल्थ स्कीम (ईसीएचएस) के ओसी कर्नल एसके सिंह तथा सैनिक कल्याण बोर्ड के ओसी कमांडर डीडी पंत ने मेले का उद्घाटन किया।
सैनिक दीपावली मेले के पहले दिन नगर के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करने के साथ समारोह का आरंभ किया गया। इसके बाद समिति के पदाधिकारियों व अतिथियों ने लकी ड्रा प्रतियोगिताओं के इनामों का अनावरण किया। सभी अतिथियों ने मेला परिसर में आईटीबीपी, रेडक्रॉस व सैनिक कल्याण सहित विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। शनिवार को मेला मंच पर रन फॉर आर्मी क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसमें अंडर-14 बालिका वर्ग में पल्लवी रावत, नितिका चौहान व रोशनी कलूड़ा तथा बालक वर्ग में करन बिष्ट, प्रदीप महर व आयुष चितरान और अंडर-16 बालिका वर्ग में पायल नेगी, अदिति परमार व श्रद्धा कटारिया तथा बालक वर्ग में सुरेश चौहान, मनीष शाह व हरिओम राणा को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान सेना, आईटीबी व बीआरओ द्वारा लगाए गए करियर काउंसिलिंग के स्टॉलों में स्थानीय युवाओं को सेना में भर्ती से जुड़ी अहम जानकारी भी दी गई। फास्ट फूड के स्टॉलों व झूलों में भी बच्चों व महिलाओं की भीड़ लगी रही। देर शाम को लोक गायक अनिल बिष्ट एवं आशु कला मंच के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर मेजर आरएस जमनाल, मुरारी पोखरियाल, कल्याण सिंह चौहान, जयानंद जोशी, सोवेंद्र भंडारी, अतर सिंह, बिजन सिंह, जगमोहन पश्चिमी, शंभू सिंह, मनोज रावत व महावीर सिंह आदि मौजूद रहे।