उत्तरकाशी। शनिवार को त्योहारी सीजन के चलते मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की टीम ने नगर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। जिसमें खाद्य पदार्थों के दस नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। इसके साथ ही 14 व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेम चंद्र जोशी की अगुवाई में खाद्य टीम ने शनिवार को नगर में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से पारले, कैडबरी, बीकानो आदि ब्रांडेड कंपनियों के साथ ही खुली खाद्य सामग्री के दस नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन नहीं करने वाले 14 व्यापारियों को टीम ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेम चंद्र जोशी ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी एवं बासी खाद्य सामग्री बेचे जाने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए जिले में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।