उत्तरकाशी। पीएमजीएसवाई में तैनात सहायक अभियंता पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उसकी पत्नी ने थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अभियंता समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में युवती ने बताया कि पीएमजीएसवाई में सहायक अभियंता के पद पर तैनात बड़ेथी चिन्यालीसौड़ निवासी त्रिभुवन रावत के साथ विगत 25 मई को देहरादून स्थित एक मंदिर में उसकी शादी हुई थी। इसके बाद से ही अभियंता लगातार उसका उत्पीड़न कर रहा है। महिला ने दहेज के लिए उत्पीड़न करने, मारपीट करने तथा जाति सूचक शब्दों से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उसने इस मामले में पुलिस द्वारा भी सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सहायक अभियंता के साथ ही उसके पिता गोविंद रावत और एक मित्र हरीश थपलियाल के खिलाफ भादंसं की धारा 498ए, 323, 354,109, दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 तथा एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की विवेचना की जा रही है। बता दें कि बीते मई माह में उक्त युवती ने इस सहायक अभियंता पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद ही वह उसके साथ शादी के लिए राजी हुआ था।